ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में गरिमामय ढंग से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने अमर बलिदानियों को नमन करते हुए राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया।
समारोह का शुभारंभ परिसर निदेशक प्रो. (डॉ.) एम.सी. लोहनी ने ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज के भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से नवाचार, अनुशासन और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने भव्य एवं अनुशासित परेड प्रस्तुत की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, बैंड प्रस्तुति, माइम, स्किट और शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में संकाय सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


