हरिद्वार में धामी कैबिनेट के 13 बड़े फैसले, अग्निवीरों को भर्ती में मिलेगी अतिरिक्त छूट; कुंभ-2027 की तैयारियों पर भी जोर

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हरिद्वार में आयोजित कैबिनेट बैठक में 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में अतिरिक्त छूट देने, हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए 10 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने, बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली और आवासीय योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इसके साथ ही कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने पर भी जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य जनता के बीच जाकर जनहित से जुड़े फैसले लेना है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि नीतिगत निर्णय जनता के बीच रहकर किए जाएं, जिससे विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच सके।

अग्निवीरों को सरकारी भर्ती में मिलेगी अतिरिक्त छूट

कैबिनेट ने अग्निवीरों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर भर्ती में पहले से लागू 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के अतिरिक्त अब लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षा और निर्धारित ऊंचाई के मानकों में भी छूट देने को मंजूरी दी गई है। इस फैसले से प्रदेश के अग्निवीरों को सरकारी सेवाओं में अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

ईएसआई अस्पताल के लिए मिलेगी 10 एकड़ भूमि

हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल की स्थापना के लिए 10 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दी। इससे क्षेत्र में कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ऋषिकुल मैदान में बनेगा प्राच्य शोध संस्थान

हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना की जाएगी। संस्थान का संचालन सोसायटी मॉडल पर होगा। यहां भारतीय योग, ध्यान, ज्योतिष और अन्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके संचालन के लिए समिति गठित करने को भी मंजूरी दी गई।

बाढ़ नियंत्रण और आवासीय योजना पर भी फैसला

कैबिनेट ने उत्तराखंड बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण अधिनियम, 2026 से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके अलावा हरिद्वार जिले के भगवानपुर में सरकारी आवासीय योजना के तहत सड़क निर्माण के मानकों में बदलाव को स्वीकृति दी गई। फायर सर्विस से जुड़े मानकों में संशोधन के प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया गया।

विधानसभा सत्र के स्थान और समय पर मुख्यमंत्री लेंगे निर्णय

आगामी विधानसभा सत्र के आयोजन स्थल और समय के निर्धारण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया। बैठक में पर्यटन, आयुर्वेद, योग और सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास से संबंधित प्रस्तावों पर भी फैसले लिए गए। मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता योजना के तहत प्रदेश के वीर बालकों को पुरस्कार देने का निर्णय भी लिया गया।

प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन पर मां गंगा की पूजा-अर्चना

कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का आत्मविश्वास मजबूत हुआ है और विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए काम किया गया है।

कैबिनेट बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में रखे गए सभी 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

Ad Ad

Related Articles