अंकिता भंडारी केस में बड़ी पहल!…दिल्ली में CBI अधिकारियों से मिले माता-पिता, सांसद अनिल बलूनी भी रहे मौजूद

अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। अंकिता के माता-पिता ने दिल्ली स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। इस दौरान पौड़ी गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी भी उनके साथ मौजूद रहे।
दिल्ली में CBI अधिकारियों से मिले अंकिता के माता-पिता
16 अक्टूबर को हुई इस मुलाकात के दौरान अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी ने जांच से जुड़े पहलुओं पर अपनी बात रखी। वहीं, CBI अधिकारियों ने मामले के सभी पहलुओं की समुचित जांच करने और निष्पक्ष एवं न्यायसंगत तरीके से विवेचना करने का आश्वासन दिया।
VIP एंगल की जांच पर टिकी निगाहें
अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषियों को सजा मिलने के बावजूद कथित VIP की भूमिका को लेकर सवाल लगातार उठते रहे हैं। इसी पहलू की जांच की मांग को लेकर पीड़ित परिवार एक बार फिर सक्रिय है। परिवार की मांग है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच हो और जिन सवालों के जवाब अभी सामने नहीं आए हैं, उनका तथ्यात्मक आधार पर खुलासा किया जाए। मुलाकात के दौरान परिजनों ने जांच एजेंसी के समक्ष अपनी चिंताएं और मामले से जुड़ी जानकारियां रखीं।
क्या है पूरा मामला?
सितंबर 2022 में पौड़ी जिले के वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया था। मई 2025 में अदालत ने तीनों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
हालांकि, हाल के दिनों में कथित VIP की भूमिका को लेकर सामने आए दावों और वायरल ऑडियो क्लिप के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है। इन दावों के बीच अंकिता के परिवार ने जांच के शेष पहलुओं पर स्पष्टता और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को जांच में प्रमाणित होना अभी बाकी है।



