उत्तराखंड में सर्दी का सितम तेज!… सुबह कोहरा, रात को पाला; बागेश्वर में 6 डिग्री पहुंचा पारा
बागेश्वर में मौसम में बदलाव से सुबह और रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।
बागेश्वर। मौसम में लगातार बदलाव के बीच तापमान गिरने से सुबह और रात में ठंड बढ़ गई है। घाटी वाले क्षेत्रों में सुबह दस बजे तक कोहरा छाया रहता है। न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है।
दिन में धूप निकलने पर तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है, जिससे कुछ राहत मिलती है। हालांकि, सुबह और शाम की ठंड लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के बीच सुबह घाटियों में कोहरा और रात में पाला पड़ रहा है। सुबह बाहर निकलने वालों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
बदलते मौसम से परेशानी
बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को बदलते मौसम से अधिक परेशानी हो रही है। ठंड बढ़ने के साथ अस्पतालों में मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज भी पहुंच रहे हैं। सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी तथा हाथ-पांव और कमर में दर्द की शिकायतें बढ़ रही हैं। अस्थमा के मरीजों के लिए यह मौसम विशेष रूप से संवेदनशील है।
सुबह का कुहरा और ठंडी हवा सांस संबंधी तकलीफ बढ़ा सकती है। दिन और रात के तापमान में अंतर भी सेहत पर असर डाल रहा है।
जिला अस्पताल के डा. गिरिजा शंकर जोशी ने सुबह-शाम ठंड से बचने की सलाह दी है। उन्होंने बुजुर्गों और सांस के रोगियों से विशेष सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और सुबह की ठंड में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने को कहा है।




