उत्तराखंड-यहाँ पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, बदमाशों पैर में लगी गोली

देहरादून में बीती देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पटेलनगर क्षेत्र के नयागांव के पास हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। दोनों घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देहरादून में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम देर रात चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बदमाशों की गोली लगने से पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
नकबजनी की घटनाओं में संलिप्त थे आरोपी
घायल बदमाशों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर समेत जिले के कई थाना क्षेत्रों में हुई नकबजनी की घटनाओं में संलिप्त रहे हैं। दोनों के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है



