उत्तराखंड- यहाँ हुआ दर्दनाक हादसा: बाइक की टक्कर से सिडकुल कर्मी की मौत, 20 फीट दूर जाकर गिरा

सितारगंज के कल्याणपुर चौराहे पर सोमवार देर रात सड़क पार कर रहे सिडकुल कर्मी को तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए कर्मी की हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का हैंडल उनकी पसलियों में जा लगा और वह उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरे।
पुलिस के अनुसार, सितारगंज के सिसौना निवासी 42 वर्षीय शैलेंद्र कुमार वर्मा सोमवार रात करीब 9:30 बजे अपने घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर कल्याणपुर चौराहे पर सिडकुल की एक कंपनी की बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही शैलेंद्र करीब 20 फीट दूर जाकर गिरे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सितारगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां देर रात उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
शैलेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा हर्षित नैनीताल से बीसीए की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी ईशु सितारगंज के एक स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मंगलवार सुबह हल्द्वानी की मोर्चरी में मेडिकल चौकी पुलिस शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी रही। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है





