रुद्रपुर में चरस खपाने पहुंचे मुक्तेश्वर के दो युवक गिरफ्तार, 1.152 किलो नशे का सामान बरामद

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में तैयार की गई चरस को मैदानी क्षेत्रों में खपाने की कोशिश कर रहे दो युवकों को रुद्रपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो 152 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात एसआई जीवन सिंह अधिकारी, एसआई दीपक बहुगुणा पुलिस टीम और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम रोडवेज बस स्टेशन के पास पहुंची तो दो युवक पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़ने लगे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1 किलो 152 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र के ग्राम दीनो, पहाड़पानी निवासी गोपाल चंद पुत्र शंकर राम और ग्राम मल्ला दीनो, पहाड़पानी निवासी भुवन चंद्र पुत्र ईश्वरी राम के रूप में हुई।

घर पर भांग उगाकर तैयार करते थे चरस

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों आपस में दोस्त हैं और ग्रामीण क्षेत्र में रहते हैं। वे स्वयं भी चरस का सेवन करते हैं। आरोपियों के मुताबिक, उन्होंने घर पर भांग की खेती कर चरस तैयार की थी। इसके अलावा गांव के कुछ स्थानीय लोगों से भी थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस खरीदी थी।

ट्रक चालकों और दुकानदारों को बेचने की थी योजना

दोनों आरोपी चरस बेचने के इरादे से रुद्रपुर पहुंचे थे। उनकी योजना सिडकुल क्षेत्र में ट्रक चालकों और रोडवेज के आसपास दुकानदारों से संपर्क कर चरस की सप्लाई करने की थी। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनकी योजना नाकाम कर दी।

सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles