उत्तराखंड में पेंशनर्स के लिए विशेष अभियान, 30 नवंबर तक जमा कराएं डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र

पेंशनर्स के लिए एक बहुत ही काम की खबर सामने आई है। जो बुजुर्ग पेंशनर डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र (DLC) जमा करने में किसी भी तकनीकी दिक्कत का सामना कर रहे हैं, या जिनकी पेंशन से जुड़ी कोई अन्य समस्या है, उनके लिए एक खास मौका है। साइबर कोषागार, देहरादून की ओर से पेंशनरों की सुविधा के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जो 30 नवंबर, 2026 तक चलेगा।
देहरादून में पेंशनर्स के लिए विशेष अभियान
सरकार द्वारा देश भर में ‘राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र अभियान-5’ चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पेंशनर आसानी से अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकें और उनकी पेंशन से जुड़ी सभी शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा हो सके। इसी कड़ी में साइबर कोषागार, देहरादून ने अपने यहां के सभी पेंशनर्स के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
30 नवंबर तक जमा कराएं डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र
साइबर कोषागार, देहरादून के मुख्य कोषाधिकारी, बी.एन. पाण्डेय ने सभी संबंधित पेंशनर्स को सूचना जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिन पेंशनर्स को अपना डीएलसी (DLC) पत्र जमा करने में ऑनलाइन या तकनीकी रूप से परेशानी आ रही है, या जिन्हें पेंशन के संबंध में कोई अन्य उलझन है, वे बिना किसी झिझक के दफ्तर आ सकते हैं।
पेंशनर किसी भी कार्यदिवस (वर्किंग डे) में सीधे साइबर कोषागार, 23 लक्ष्मी रोड, डालनवाला, देहरादून के पते पर पहुंच सकते हैं और अपनी समस्या का तुरंत समाधान पा सकते है
दफ्तर आते समय किन बातों का रखें ध्यान?
यदि आप अपनी पेंशन या जीवन प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए साइबर कोषागार जा रहे हैं, तो अपने साथ निम्नलिखित जरूरी चीजें जरूर लेकर जाएं:-
- अपना जीआरडी नंबर (GRD Number)
- आधार कार्ड
- बैंक पासबुक
- स्मार्टफोन
इन सभी दस्तावेजों और फोन के साथ होने से आपकी प्रक्रिया बहुत आसान हो जाएगी और वहां मौजूद अधिकारी आपकी मदद तुरंत कर सकेंगे।
किससे और कैसे करें संपर्क?
पेंशनर्स की मदद के लिए विभाग ने खास तौर पर अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इस विशेष अभियान के तहत नामित शिकायत निवारण अधिकारी, श्री परमीत सिंह (उपकोषाधिकारी) हैं।
यदि आपको दफ्तर आने से पहले या किसी भी जानकारी के लिए संपर्क करना हो, तो आप उनके इन मोबाइल नंबरों पर फोन कर सकते हैं:-
मोबाइल नंबर: 7500370037, 7590900090
समय रहते उठाएं इस सुविधा का लाभ
मुख्य कोषाधिकारी बी.एन. पाण्डेय ने सभी पेंशनरों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का पूरा-पूरा लाभ उठाएं। समय रहते अपना डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र जमा करें और पेंशन से जुड़ी किसी भी रुकावट या समस्या का समयबद्ध तरीके से समाधान करवा लें, ताकि आपकी पेंशन बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से मिलती रहे




