10 किलोमीटर की कठिन चढ़ाई पार कर लधौनधूरा पहुंचे शिव डोले, दो दिवसीय मेले का समापन

लोहाघाट क्षेत्र के भिंगराड़ा स्थित खरही और लधौनधूरा मंदिर में आयोजित दो दिवसीय प्रसिद्ध शिव मेले का मंगलवार को शिव डोले के विश्राम और पूजा-अर्चना के साथ विधिवत समापन हो गया।

10 किलोमीटर की कठिन चढ़ाई पार कर लधौनधूरा पहुंचे शिव डोले

मेले के तहत सोमवार मध्यरात्रि को खरही से लधौनधूरा शिव मंदिर तक भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की। शिव डोले की यह धार्मिक यात्रा चांदनी रात में लगभग 10 किलोमीटर की कठिन और खड़ी चढ़ाई पार करते हुए घने जंगलों से होकर गुजरी।

श्रद्धालुओं ने किया द्यारडॉली और मजरका में विश्राम

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने द्यारडॉली और मजरका में विश्राम किया। मंगलवार सुबह शोभायात्रा लधौनधूरा मंदिर पहुंची, जहां मंदिर के पुजारी देवकीनंदन शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। शोभायात्रा में धार्मिक परंपराओं और आपसी सहभागिता की विशेष झलक देखने को मिली। बिरगुल गांव के महराना छड़ीदार और खरही गांव के अनुसूचित जाति के लोगों के नेतृत्व में श्रद्धालु हाथों में डंडे और लोहे की छड़ियां लेकर शिव डोले की सुरक्षा व्यवस्था में आगे-आगे चलते रहे।

युवाओं की ओर से श्रद्धालुओं के लिए की थी भंडारे की व्यवस्था

यात्रा मार्ग में गोली और बिरगुल के युवाओं की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई थी। कठिन पहाड़ी रास्ते और रात्रि के सफर के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। दो दिवसीय शिव मेले के समापन के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक आस्था, लोक परंपरा और सामाजिक सहभागिता का सुंदर दृश्य देखने को मिला।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles