उत्तराखंड में स्वगणना का आंकड़ा 1.33 लाख के पार, राज्यपाल से मिले सचिव दीपक कुमार

IAS Deepak meet governor

उत्तराखंड में स्वगणना अभियान को लेकर तेजी से काम किया जा रहा है। 27 नवंबर की दोपहर तक प्रदेश में स्वगणना करने वालों की संख्या करीब 1 लाख 33 हजार पहुंच गई है। पहले सभी जिलों और नगर निगमों को एक लाख स्वगणना का लक्ष्य दिया गया था, जिसे पूरा करने के बाद बढ़ाकर डेढ़ लाख से अधिक कर दिया गया है।

स्वगणना के मामले में आगे चल रहे चमोली और अल्मोड़ा

सचिव संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन दीपक कुमार ने उत्तराखंड के राज्यपाल से मुलाकात कर स्वगणना अभियान की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गढ़वाल मंडल में चमोली और कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा स्वगणना के मामले में आगे चल रहे हैं। वहीं नगर निगमों में गढ़वाल क्षेत्र से रुड़की और कुमाऊं क्षेत्र से हल्द्वानी-काठगोदाम में सबसे अधिक स्वगणना हुई है।

30 नवंबर है स्वगणना अभियान का आखिरी दिन

सचिव ने बताया कि 30 नवंबर की रात स्वगणना अभियान का आखिरी दिन है। तब तक बाकी जिलों और नगर निगमों में भी निर्धारित लक्ष्य से अधिक स्वगणना पूरी होने की उम्मीद है। इसके लिए जनगणना निदेशालय के साथ सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी और नगर आयुक्त लगातार काम कर रहे हैं।

दिसंबर-जनवरी में होगा संस्कृत फिल्मोत्सव

मुलाकात के दौरान सचिव दीपक कुमार ने राज्यपाल से उत्तराखंड की दूसरी राजभाषा संस्कृत के प्रचार-प्रसार को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि संस्कृत भाषा को बढ़ावा देने के लिए आगामी दिसंबर या जनवरी में संस्कृत फिल्मोत्सव आयोजित करने की योजना है।

उन्होंने बताया कि देश में अब तक संस्कृत भाषा में डेढ़ दर्जन से अधिक फिल्में बन चुकी हैं। ऐसे फिल्मोत्सव के आयोजन से युवाओं में भी संस्कृत भाषा के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें संस्कृत को एक नए माध्यम से समझने का अवसर मिलेगा।

इस पर राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में इस तरह के आयोजन होने से संस्कृत भाषा को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही समाज में भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति भी सकारात्मक संदेश जाएगा

ADVERTISEMENTS Ad Ad

Related Articles