आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन 2.0 की तैयारियां तेज, DM ने परखी व्यवस्थाएं, सुरक्षा में लापरवाही पर होगी कार्रवाई!

preparations-for-adi-kailash-ultra-marathon-2-0-intensify-dm-inspects-arrangements

विश्व प्रसिद्ध आदि कैलाश क्षेत्र में आयोजित होने वाली आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन 2.0 को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गुंजी पहुंचकर आयोजन स्थल और मैराथन मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के सख्त निर्देश दिए।

एंबुलेंस और मैराथन मार्ग पर विशेष फोकस

डीएम ने स्पष्ट किया कि मैराथन में शामिल होने वाले धावकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूरे मार्ग पर डॉक्टरों, एंबुलेंस, स्नैक्स और हाइड्रेशन प्वाइंट की व्यवस्था के साथ पर्याप्त स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। मैराथन मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए BRO को मलबा, पत्थर और अन्य अवरोध समय से हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं, धावकों के ठहरने, टेंट, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप करने को कहा गया। डीएम ने चेतावनी दी कि व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

छियालेख में बनेगी हेल्प डेस्क

धावकों को जरूरत के समय तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए छियालेख में हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही आपातकालीन संपर्क नंबर भी जारी किए जाएंगे, ताकि किसी भी विषम परिस्थिति में त्वरित मदद मिल सके। डीएम ने कहा कि आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचने वाले धावकों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे यहां से सुखद अनुभव लेकर लौटें। 24 से 26 अक्टूबर तक होने वाला यह आयोजन आदि कैलाश क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और सीमांत क्षेत्र को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles