नाबालिग बेटी के साथ दरिंदगी के आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण बर्दाश्त नहीं, दोषियों को मिले कठोरतम सजा : सुमित हृदयेश


भाजपा और एबीवीपी से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोपों के बावजूद सरकार की चुप्पी चिंताजनक, महिला सुरक्षा पर जवाब दे भाजपा सरकार : कांग्रेस
हल्द्वानी। भाजपा के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सहित भाजपा से जुड़े तीन अन्य कार्यकर्ताओं पर एक नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर आरोपों के विरोध में आज महानगर जिला कांग्रेस कमेटी, हल्द्वानी द्वारा विधायक श्री सुमित हृदयेश और हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट के सयुक्त नेतृत्व में जोरदार विरोध मार्च निकाला गया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया और महामहिम राज्यपाल महोदय को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट / उपजिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में हल्द्वानी की घटना सहित पूरे प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई।
इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर लगातार गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हल्द्वानी में एक नाबालिग बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध के आरोपों में भाजपा और उसके छात्र संगठन एबीवीपी से जुड़े लोगों का नाम सामने आना बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है। इससे भी अधिक दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा सरकार इस मामले में अपनी जवाबदेही से बचती नजर आ रही है।
उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा किसी राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि सरकार की संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी है। सत्ता और संगठन से जुड़े होने के कारण किसी भी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण मिलना या जांच प्रभावित होना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून सबके लिए समान है और कानून से ऊपर कोई भी व्यक्ति या संगठन नहीं हो सकता।
विधायक ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, दुष्कर्म, उत्पीड़न, अपहरण एवं अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। देवभूमि में मातृशक्ति और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सरकार की विफलता बेहद गंभीर विषय है। केवल महिला सुरक्षा के नारे देने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती, बल्कि सरकार को धरातल पर ठोस कार्रवाई करके दिखानी होगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़िता और उसके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। हमारी मांग है कि हल्द्वानी के इस मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच हो, किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव को जांच में आड़े न आने दिया जाए, पीड़िता एवं उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा दोष सिद्ध होने पर आरोपियों को कानून के अनुसार कठोरतम सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़िता की पहचान एवं गरिमा की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के विरुद्ध लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाएं भाजपा सरकार के महिला सुरक्षा के दावों की पोल खोल रही हैं। हल्द्वानी में एक नाबालिग बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर आरोपों में भाजपा एवं एबीवीपी से जुड़े लोगों का नाम सामने आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा को अब इन गंभीर मामलों पर जवाब देना होगा।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की बेटियां अपने घरों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह पीड़िताओं को न्याय दिलाए, न कि आरोपियों को बचाने के लिए किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव बनने दे। महिला कांग्रेस पीड़िता और उसके परिवार के साथ खड़ी है और जब तक उसे न्याय नहीं मिलता, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार के शासनकाल में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के साथ हो रही आपराधिक घटनाएं सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा रही हैं। भाजपा को केवल महिला सम्मान और सुरक्षा की बातें करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि ऐसे गंभीर मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई करके अपनी जवाबदेही भी साबित करनी होगी।
उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को राजनीतिक दल, संगठन या सत्ता से जुड़े होने के कारण संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। कांग्रेस की मांग है कि पीड़िता को शीघ्र न्याय मिले, मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोष सिद्ध होने पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
विरोध प्रदर्शन के दौरान बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग आज भी अधूरी है। प्रदेश की बेटियों को न्याय और सुरक्षा दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। महिला अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को बचाने का प्रयास नहीं होना चाहिए तथा सभी मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने महामहिम राज्यपाल महोदय से निम्नलिखित प्रमुख मांगें कीं—
- हल्द्वानी की नाबालिग बालिका से जुड़े सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर आरोपों वाले मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव अथवा संरक्षण की संभावना को समाप्त किया जाए।
- प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध दर्ज सभी गंभीर आपराधिक मामलों की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोष सिद्ध होने पर आरोपियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।
- प्रदेश में महिला अपराधों की रोकथाम के लिए व्यापक एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए तथा महिला सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
- स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
- महिला हेल्पलाइन एवं महिला थानों को अधिक प्रभावी बनाया जाए और पीड़िताओं की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
- महिला अपराधों के मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए।
- पीड़िताओं एवं उनके परिवारों को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा उन्हें किसी भी प्रकार के दबाव, धमकी अथवा उत्पीड़न से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
हल्द्वानी महानगर जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि इस मामले में निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी जनहित में अपना संघर्ष और तेज करेगी। पीड़िता को न्याय मिलने तक कांग्रेस की आवाज बुलंद होती रहेगी।
इस विरोध मार्च में हेमंत बगड़वाल, हरीश पनेरू, मलय बिष्ट, गिरीश पांडे, दीप पाठक, प्रकाश पांडे, एन.बी. गुणवंत, सुहैल सिद्दीकी, विशाल भोजक, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, हिमांशु जोशी, गुरप्रीत सिंह प्रिंस, जीवन कार्की, पार्षद नीमा भट्ट, जया कर्नाटक, विमला सांगुड़ी, खष्टी बिष्ट, निर्मला जोशी, राजो टंडन, भगवती जोशी, शकुंतला देवी, सीमा भटनागर, रजनी, पुष्पा सम्मल, मंजू दानू, जाकिर हुसैन, किरन माहरा, हेम पांडे, मोहन बिष्ट, गोविंद बगड़वाल, ज्ञान सिंह थापा, ठाकुर चंद्र मोहन, महेश कांडपाल, दिग्विजय सिंह चौहान, इंजीनियर सुमित कुमार, प्रदीप नेगी, मनोज भट्ट, खजान पांडे, मनोज बिष्ट, पार्षद धर्मवीर, महेशानंद, आशीष कुराई, दिनेश सांगुड़ी, गौरव बलुटिया, राजेंद्र बिष्ट, राजू सुयाल, मेहुल साह, सालिम सिद्दीकी, बबलू बिष्ट, संजू उप्रेती, नितिन भट्ट, राजू रावत, गजेंद्र गोनिया, अमित रावत, कौशलेंद्र भट्ट, पवन गुप्ता, प्रदीप बिष्ट, लाल सिंह पवार, तस्कीन अहमद, नरेंद्र पनेरू, योगेश कबड़वाल, मनोज टम्टा, शंकर कोहली, तेजराम, रईस गफरारी, नफीस चौधरी, कमल मेहता, दिवेश तिवारी, शैलेंद्र दानू, सूरज प्रकाश, राजा राणा, पवन शाह, किशन अनेरिया, प्रदीप कुमार, उदित करायत, करन अधिकारी एवं मयंक गोस्वामी सहित विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




