उत्तराखंड:- रोडवेज बस का ऑनलाइन टिकट बुक करने पर मिलेगा कैशबैक, यात्रियों को 100 रुपये तक का फायदा

पेटीएम और यूपीआई से भुगतान करने वालों को मिलेगी सुविधा, स्क्रैच कार्ड से खुलेगी कैशबैक की किस्मत; वाउचर की वैधता सात दिन

देहरादून न्यूज- उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) ने यात्रियों को ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कैशबैक स्कीम शुरू की है। इसके तहत पेटीएम और यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्रियों को 50 और 100 रुपये तक का कैशबैक मिलने के साथ गोल्ड कॉइन जीतने का मौका भी मिलेगा। हालांकि, क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान करने वाले यात्री इस योजना के पात्र नहीं होंगे।

रोडवेज के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह के मुताबिक, योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग के दौरान पेटीएम या यूपीआई से भुगतान करना होगा। इसके लिए न्यूनतम भुगतान राशि 99 रुपये निर्धारित की गई है। भुगतान पूरा होने के बाद यात्री को स्क्रैच कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके जरिए कैशबैक या गोल्ड कॉइन का लाभ मिल सकेगा।

योजना के तहत मिलने वाले कैशबैक वाउचर की धनराशि 24 घंटे के भीतर संबंधित खाते में रिफंड की जाएगी। वहीं, वाउचर की वैधता सात दिन निर्धारित की गई है। सात दिन के बाद वाउचर मान्य नहीं होगा।

रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए यह पहल की गई है। इससे ऑनलाइन टिकट बुकिंग करने वाले यात्रियों को आर्थिक लाभ भी मिल सकेगा।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

Related Articles