वन्यजीवों के हमलों से बढ़ती मौतों पर फूटा आक्रोश, हरीश पनेरू के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रदर्शन

हल्द्वानी
– वन विभाग कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
– मृतकों के परिजनों से किए गए वादे पूरे करने और हमलों पर रोक लगाने के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम
हल्द्वानी में भीमताल विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में वन्यजीवों के हमलों से हो रही मौतों और लोगों के घायल होने की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को कांग्रेस नेता हरीश पनेरू के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों और क्षेत्रीय लोगों ने वन विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान वन संरक्षक नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर मृतकों के परिजनों से किए गए वादों को पूरा करने और भविष्य में वन्यजीवों के हमलों को रोकने के लिए ठोस इंतजाम करने की मांग उठाई गई। ज्ञापन में कहा गया कि पिछले वर्षों में बाघ के हमलों से भीमताल विधानसभा क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके अलावा सांप, भालू और सूअर जैसे वन्यजीवों के हमलों में भी लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और कई लोग घायल हुए हैं ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार और वन विभाग इन घटनाओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिसके चलते हर साल इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वन्यजीवों के हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। जंगली जानवरों द्वारा किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने मृतकों के परिजनों से किए गए वादों को तत्काल पूरा करने, प्रभावित परिवारों को राहत देने और आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। हरीश पनेरू और क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और वन्यजीवों के हमलों व किसानों के नुकसान को रोकने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

