कांग्रेस का भूमि बचाओ अभियान राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश: अजय भट्ट

हल्द्वानी। भाजपा कुमाऊं संभाग कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने कांग्रेस के ‘भूमि बचाओ अभियान’ पर निशाना साधते हुए इसे राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भूमि संरक्षण की बात करने से पहले अपने शासनकाल में हुए भूमि आवंटनों और नानीसार, धौलास सहित अन्य विवादों पर जवाब देना चाहिए।
भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सरकारी जमीन बेचने के बजाय उसका स्वामित्व सुरक्षित रखते हुए विकास कार्यों के लिए उपयोग कर रही है। अनुपयोगी भूमि को नियमों के तहत लीज पर देकर उद्योग, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया है। वहीं, 7 हजार बीघा जमीन बेचने के कांग्रेस के आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि इस संबंध में केवल तीन बोलियां प्राप्त हुई हैं और कोई बोली अंतिम रूप से तय नहीं हुई है।
सांसद ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन और औद्योगिक निवेश से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। वर्ष 2025 में प्रदेश में 6.03 करोड़ यात्रियों का आगमन राज्य की पर्यटन संभावनाओं को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस पर विकास और निवेश के मुद्दे पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप भी लगाया।
भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य सरकारी भूमि की सुरक्षा, स्थानीय लोगों के अधिकारों का संरक्षण, पर्यावरणीय मानकों का पालन और रोजगार के अवसर बढ़ाना है। कांग्रेस को आरोप लगाने के बजाय अपने शासनकाल में हुए भूमि आवंटनों का जवाब देना चाहिए।
पत्रकार वार्ता में भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी भुवन जोशी एवं जिला सह मीडिया प्रभारी मनीष पाल मौजूद रहे।





