विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारी तेज!… नैनीताल जिले के प्रवासी प्रभारी रविंदर सिंह नेगी का हल्द्वानी में जोरदार स्वागत

आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत भारतीय जनता पार्टी द्वारा नैनीताल जिले के लिए नियुक्त जिला प्रवासी प्रभारी, दिल्ली के पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रविंदर सिंह नेगी के प्रथम आगमन पर भाजपा संभाग कार्यालय, हल्द्वानी में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित परिचयात्मक बैठक में जिले के सभी 25 मंडलों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह बिष्ट ने की।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ हुआ। बैठक में नैनीताल जिले की संगठनात्मक संरचना, बूथ स्तर तक पार्टी के कार्यक्रमों के संचालन तथा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष श्री प्रताप सिंह बिष्ट ने नव नियुक्त जिला प्रवासी प्रभारी श्री रविंदर सिंह नेगी का स्वागत करते हुए कहा कि जिले के सभी मंडलों में संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत प्रत्येक मंडल और बूथ पर संगठन की सक्रियता सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता समन्वय के साथ कार्य करेंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री श्री अजय भट्ट ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता संगठनात्मक तैयारियों में जुटें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के चुनाव चिह्न कमल को केंद्र में रखकर संगठन को मजबूत करने और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

बैठक के मुख्य अतिथि एवं जिला प्रवासी प्रभारी श्री रविंदर नेगी ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि वे भी एक सामान्य पृष्ठभूमि से संगठन में कार्य करते हुए यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने स्वयं को कार्यकर्ताओं का सहयोगी बताते हुए कहा कि वे सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संगठनात्मक कार्यों में सहभागिता करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में जिले की विधानसभा स्तर की परिचयात्मक बैठकों में प्रतिभाग किया जाएगा। इसके बाद जिले के सभी 25 मंडलों में पहुंचकर मंडल स्तरीय परिचयात्मक बैठकों में सहभागिता की जाएगी। इन बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।

श्री नेगी ने कहा कि जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने आगामी चुनाव की तैयारियों में प्रत्येक कार्यकर्ता की सहभागिता और आपसी समन्वय को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर प्रदेश सह कोषाध्यक्ष श्री साकेत अग्रवाल, युवा मोर्चा राष्ट्रीय मंत्री श्री अरमान जोत बरार , विस्तारक योजना के प्रदेश सह संयोजक श्री दिनेश खुल्वे, दर्जा राज्य मंत्री श्री हरीश पांडे, श्रीमती शांति मेहरा, श्री मोहन पाठक, श्री शोएब अहमद, जिला महामंत्री श्री रंजन बर्गली एवं श्री विनीत अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री प्रदीप बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री आनंद सिंह दर्मवाल, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री श्री दीपेंद्र कोश्यारी जिला उपाध्यक्ष सुश्री प्रतिभा जोशी , श्री गणेश रावत , श्रीमती प्रगति जैन , श्री प्रताप बोरा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles