हल्द्वानी: दुष्कर्म प्रकरण के बाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, बिना अनुमति चल रहा त्रिशूल होटल सील

हल्द्वानी: मुखानी कोतवाली क्षेत्र के कटघरिया स्थित त्रिशूल होटल को प्रशासन और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम ने सील कर दिया है। यह वही होटल है, जहां एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी रहे धीरज बिष्ट और उसके साथियों पर नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को प्रशासन, पुलिस और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम होटल पहुंची और कार्रवाई करते हुए पूरे होटल को सील कर दिया। संयुक्त टीम में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्य, तहसीलदार कुलदीप पांडेय, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य और मुखानी कोतवाल सुशीला जोशी शामिल रहीं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जांच में होटल बिना आवश्यक अनुमति के संचालित होता पाया गया, जिसके चलते पर्यटन विभाग की ओर से यह कार्रवाई की गई है। वहीं, होटल के जिस कमरे में कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी, उसे पुलिस ने एक दिन पहले ही सील कर दिया था।
होटल सील किए जाने के बाद अब पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। इस कार्रवाई को नाबालिग से जुड़े दुष्कर्म के मामले में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।


