वन विभाग ने पकड़ा बाघ, रेस्क्यू सेंटर भेजा


नैनीताल। भीमताल क्षेत्र में एक आदमखोर बाघ को वन विभाग ने ट्रैंकुलाइज कर पिंजरे में कैद कर लिया है। यह कार्रवाई महिला की मौत के बाद क्षेत्र में व्याप्त खौफ को खत्म करने के उद्देश्य से की गई। भीमताल के सिलौटी नौकुचियाताल इलाके में हाल ही में जंगल में चारा लेने गई 55 वर्षीय महिला पर हमलावर वन्यजीव ने हमला कर दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल था। ग्रामीणों के आक्रोश और सुरक्षा की मांग को देखते हुए वन विभाग ने इलाके में पिंजरे लगाए और गश्त बढ़ाई।


बुधवार रात बाघ के दिखने की सूचना पर वन विभाग की टीम ने उसे ट्रैंकुलाइजर कर सुरक्षित तरीके से पिंजरे में बंद कर लिया। पकड़े गए बाघ को अब रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है। इससे पहले, घटना स्थल से खून और बाल के सैंपल लेकर भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून भेजे गए थे। इसी इलाके से एक गुलदार को भी रेस्क्यू किया गया था। वन विभाग अब इन दोनों वन्यजीवों के सैंपल को महिला के सैंपल से मैच कराएगा ताकि हमलावर की पहचान सुनिश्चित की जा सके। वन विभाग ने जंगल में 20 कैमरा ट्रैप लगाए थे और लगभग 30 कर्मचारी इस मिशन पर जुटे थे। स्थानीय लोगों के सहयोग और विभागीय प्रयासों के चलते यह सफलता मिली। अब क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

Related Articles