उत्तराखंड में एक महीने तक चलेगा ईगास महोत्सव, तैयारियां तेज

उत्तराखंड के लोकपर्व ईगास को इस बार पूरे प्रदेश में भव्य और पारंपरिक तरीके से मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने ईगास पर्व की तैयारियों की जानकारी देते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश में एक माह तक चलेगा ईगास महोत्सव
मधु भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में इस पर्व की शुरुआत 18 नवंबर से की जा रही है, जो पूरे एक माह तक लगातार चलेगा। इस आयोजन में उत्तराखंड के पौराणिक मंदिरों, मठों, व्रत-त्योहारों और समृद्ध लोक संस्कृति की विशेष झलक देखने को मिलेगी। गांवों, खेतों और खलिहानों में पारंपरिक रूप से भैलो खेलने के साथ-साथ पहाड़ी व्यंजनों का भी आनंद लिया जाएगा
ईगास में देखने को मिलेगा लोक नृत्यों का भव्य महासंगम
मधु भट्ट ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने देवभूमि को संस्कृति और अध्यात्म का अनूठा संगम बताया है। इस उत्सव में गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी और भोटिया संस्कृति सहित छोलिया जैसे पारंपरिक लोक नृत्यों का भव्य महासंगम देखने को मिलेगा




